मुण्डावर/खैरथल (संदीप भारद्वाज): बहरोड़–सोड़ावास–खैरथल मार्ग पर रोडवेज बसों की भारी कमी से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरे मार्ग पर कोटपूतली आगार की केवल पांच बसें संचालित हो रही हैं, जो बढ़ती यात्री संख्या के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बसों में हर समय अत्यधिक भीड़ रहती है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को खचाखच भरी बसों में सफर करना पड़ता है। कई बार बस में जगह नहीं मिलने पर उन्हें अगली बस का इंतजार करना पड़ता है या मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। खैरथल जिला बनने के बाद इस मार्ग पर आवागमन काफी बढ़ गया है, लेकिन बसों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। परीक्षाओं और सर्दियों के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है। महिलाओं को भी भीड़ के कारण कई बार बस के दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने राजस्थान रोडवेज प्रशासन से बहरोड़–सोड़ावास–खैरथल मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।
5 रोडवेज बसों के भरोसे बहरोड़–सोड़ावास–खैरथल मार्ग, यात्री परेशान
By -
July 03, 2026
0
Tags: