रानीवाड़ा/जालोर (महेन्द्र देवासी): कागमाला ग्राम पंचायत के अंतर्गत चांडपुरा गांव में शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तरीय वीबी-जीरमजी योजना के तहत वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला श्रमिकों को वित्तीय सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रबंधक भंवरलाल परिहार ने उपस्थित महिलाओं को बचत के महत्व व दैनिक आय में से बचत करने के सरल तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल फ्रॉड से बचाव के लिए ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति से साझा न करने तथा मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक न करने की हिदायत दी। वित्तीय धोखाधड़ी होने की स्थिति में तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने को कहा। परिहार ने केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी लाभार्थियों को समय पर बैंक री-केवाईसी करवाने की अपील की। इस अवसर पर वीबी जीरमजी मेट जोशना कुमारी सहित ग्राम की बड़ी संख्या में महिला श्रमिक उपस्थित रहीं।
चांडपुरा में वीबी-जीरमजी कार्यक्रम आयोजित, महिला श्रमिकों को वित्तीय साक्षरता की दी जानकारी
By -
July 03, 2026
0
Tags: