निवाई (लालचंद माली): निवाई क्षेत्र की रोडवेज व्यवस्था को लेकर आमजन में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। रोजाना हजारों यात्रियों को बस सुविधा के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। सबसे बड़ी समस्या यह है कि निवाई से गुजरने वाली अधिकांश रोडवेज बसें शहर में प्रवेश करने के बजाय सीधे बाइपास मार्ग से निकल रही हैं, जिससे यात्रियों को बस पकड़ने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार निवाई से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जयपुर, टोंक, बूंदी सहित विभिन्न स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। इसके बावजूद यात्रियों को समय पर रोडवेज बसें उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। स्थिति यह है कि जयपुर जैसे प्रमुख रूट के लिए भी यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जबकि कई बार बसें बिना रुके सीधे बाइपास से निकल जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष शिकायतें रखी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी। यात्रियों का आरोप है कि रोडवेज प्रबंधन की उदासीनता के कारण छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और आमजन रोजाना परेशानी झेलने को मजबूर हैं।
लोगों में अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और कब निवाई के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो यह जनसमस्या बड़े जनआंदोलन का रूप भी ले सकती है।