सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाने एवं समितियों को सशक्त बनाने के निर्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): भारत सरकार द्वारा सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे सहकार सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को जिला स्तरीय सहकारी विकास समिति की बैठक जिला कलक्टर डॉ.अरुण गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में समिति की सदस्य सचिव एवं सहकारी समितियां की उप रजिस्टार विभा खेतान ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में गोदाम निर्माण, पैक्स (PACS) कम्प्यूटरीकरण तथा सहकारिता क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर डॉ. गर्ग ने निर्देश दिए कि सहकारी समितियों को अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाए तथा योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए किसानों एवं आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने सहकारिता की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उन्हें जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान पैक्स कम्प्यूटरीकरण की प्रगति एवं इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सहकारी संस्थाओं की कार्य क्षमता बढ़ाने और आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर हाल ही में मिलेट्स कैफे सहित सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां विभा खेतान को जिला कलक्टर ने बधाई देते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय कुमार आर्य, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां विभा खेतान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास, केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा सहित नाबार्ड, एपीआरो विकास चाहर, कृषि विभाग, डेयरी संघ एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!