बीकानेर (मुकेश रामावत): रामपुरा बस्ती गली नंबर 2 से कानासर जाने वाली मुख्य सड़क आज बदहाली की मिसाल बन गई है। बंद पड़े नाले की वजह से यहां हर रोज गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। नतीजा - बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं कीचड़ और बदबू के बीच से गुजरने को मजबूर हैं।
*खानापूर्ति से नहीं मिटी समस्या*
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन को इस समस्या को लेकर हजारों बार शिकायत की गई लेकिन हर बार सिर्फ 1-2 सफाईकर्मी आकर नाले की ऊपरी सफाई करके चले जाते हैं। अगले दिन फिर वही हाल। "पानी उतरता ही नहीं, मच्छर और बीमारी बढ़ गई है। स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े रोज खराब हो जाते हैं," बस्ती निवासी रामलाल ने कहा।
*अवैध कब्जे बने सबसे बड़ी बाधा*
लोगों का कहना है कि नाले के ऊपर कई जगह अवैध निर्माण कर लिए गए हैं। जब तक इन कब्जों को नहीं हटाया जाएगा और नाले की जड़ से सफाई नहीं होगी, तब तक जलभराव रुकने वाला नहीं।
*स्थाई समाधान की मांग*
बस्तीवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि नाले का पूर्ण सफाई अभियान चलाया जाए, अवैध निर्माण हटाए जाएं और रामपुरा की इस मुख्य सड़क को जलभराव से स्थाई मुक्ति दिलाई जाए। अब देखना होगा कि शिकायतों के ढेर के बाद प्रशासन इस बार कोई ठोस कदम उठाता है या फिर पुरानी खानापूर्ति ही दोहराई जाती है।