बीकानेर (मुकेश रामावत): खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शनिवार को रायसर में समसा योजना के तहत बने नए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। 4 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से बना यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इस विद्यालय में 24 कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और 2 पुस्तकालय बनाए गए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मंत्री गोदारा ने कहा कि “शिक्षित लूणकरणसर–विकसित लूणकरणसर” के लक्ष्य के साथ क्षेत्र में शिक्षा का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है। विधानसभा में करीब 100 करोड़ रुपये से नए कक्षा-कक्ष बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने स्कूल के लिए फर्नीचर हेतु विधायक कोष से 5 लाख और बच्चों के झूलों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही भूमि दान देने वाले राजेंद्र सिंह भाटी की सराहना भी की। कार्यक्रम के बाद गोदारा ने रायसर में 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि लूणकरणसर में 36 उप स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत हैं, जिनमें से 25 तैयार हो चुके हैं। वक्ताओं ने कहा कि यह लूणकरणसर का पहला 4.5 करोड़ का सरकारी विद्यालय है जो बालिका शिक्षा को नई दिशा देगा। गोदारा के खाद्य सुरक्षा विस्तार और ‘गिवअप अभियान’ की भी सराहना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। अंत में “शिक्षित लूणकरणसर–विकसित लूणकरणसर” के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
शिक्षित लूणकरणसर–विकसित लूणकरणसर” की ओर बड़ा कदम: रायसर में 4.49 करोड़ के नए स्कूल का लोकार्पण, उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास
By -
July 25, 2026
0
Tags: