बड़ागांव/झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह के 78वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 18 जुलाई 2026, शनिवार को आयोजित होने वाले 'शौर्य दिवस समारोह' की पूर्व तैयारियों को लेकर जनसंपर्क अभियान के तहत एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक बड़ागांव स्थित श्रीमती गोमती देवी महाविद्यालय प्रांगण में लायंस क्लब झुंझुनू के सदस्य एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ.राजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। लायंस क्लब झुंझुनू के तत्वावधान में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वीर शहीद की शहादत को नमन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के दौरान स्कूल निदेशक डॉ.सीएल शर्मा ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने आगामी 18 जुलाई को झुंझुनू स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में क्षेत्रवासियों से पूर्ण सहयोग देने की अपेक्षा की। डॉ.शर्मा ने अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में लोग शहीद स्मारक पहुंचकर वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करें और इस राष्ट्रीय गौरव के कार्यक्रम को सफल बनाएं।
बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन इस महत्वपूर्ण तैयारी बैठक में गांव और आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षाविद और समाजसेवी उपस्थित रहे।