बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के पिता सुनील जोशी ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र गौरव अपने मित्र ज्ञानांश आचार्य के साथ सुंदरलाल छत्ते वाले के यहां छत्ता खाने गया था। वहां से वापस लौटते समय बाफना स्कूल के पास वह अपने दोस्त लक्ष्य व्यास से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान फड़ बाजार गैरसरिया मोहल्ला निवासी मुवाज खान, अरब खान, देव शेखावत, अजयराज व 8-10 अन्य लोग हथियारों से लैस होकर आए और हमला बोल दिया। बदमाशों ने सरियों और लोहे की रोड से गौरव के हाथ, पैर और सिर पर वार किए। बचाव में उसके हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि उसके पैर पर भी सरियों से वार किया गया।
*पुरानी रंजिश बनी वजह*
पिता ने बताया कि कुछ समय पहले इन्हीं युवकों ने गौरव के चाचा के बेटे वेदान्त जोशी के साथ भी मारपीट की थी। उस समय दोनों पक्षों में राजीनामा भी हो गया था, लेकिन मुवाज और अरब खान गौरव से रंजिश रखने लगे थे। मौका देखकर उन्होंने गौरव और उसके दो दोस्तों पर हमला कर दिया। किसी तरह तीनों जान बचाकर गाड़ी में वहां से भागे। घटना के बाद गौरव के परिजनों और रिश्तेदारों ने हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक हेतराम को सौंपी है। फिलहाल घायल गौरव का पीबीएम अस्पताल में उपचार जारी है।