बीकानेर (मुकेश रामावत): नापासर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी सहित 7 लोगों के खिलाफ चोरी, मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज करवाया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर नापासर पुलिस थाने में की गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी ओमप्रकाश माली 42 ने आरोप लगाया कि 10 मार्च 2026 को उसे फोन कर नापासर थाने बुलाया गया और हिरासत में रखा गया। इसी दौरान उसके घर में रखी अलमारी के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान ले लिया गया। ओमप्रकाश के अनुसार उसकी पत्नी राजू देवी, साली मोनिका, पूजा, साला देवेंद्र, सतपाल, सुरजीत कौर और किशन ने मिलकर घर से 2.85 लाख रुपए नकद और करीब 1.80 लाख रुपए का अन्य सामान चुरा लिया। आरोपियों पर उसके नाबालिग बेटे-बेटी को भी साथ ले जाने का आरोप है। परिवादी ने बताया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
इस संबंध में ओमप्रकाश ने पहले पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी थी। कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर नापासर पुलिस ने BNS की धारा 303(2), 316(2) एवं 189(2) सहित अन्य प्रावधानों में मामला दर्ज किया है। नापासर थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि मामले की जांच एएसआई मूलाराम को सौंपी गई है।