जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने किया ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग के निर्देशानुसार गुरुवार को जिलेभर में संचालित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का जिला स्तरीय अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने शिविरों में पहुंचकर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अवलोकन किया, लाभार्थियों से संवाद किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह ने जयपहाड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित कुल चार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधीक्षण अभियंता ने शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता मुमताज अली ने नगर परिषद झुंझुनूं एवं तोलियासर में आयोजित सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में विद्युत संबंधी सेवाओं एवं आमजन को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही शिविर में पहुंचे लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी भी ली।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विप्लव नौला ने पिंथूसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रसूता माताओं को 'बेटी जन्मोत्सव' के तहत बधाई पत्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा गोद भराई कार्यक्रम में भाग लेकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं को विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया, वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ.पवन पूनिया तथा उद्यान विभाग के उप निदेशक डॉ.विजयपाल कस्वा ने मंडावा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत तोलियासर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसी क्रम में सहकारी समितियां की उप रजिस्ट्रार विभा खेतान ने खेतड़ी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत लालपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने सहकारिता विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा करते हुए पात्र व्यक्तियों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की उपनिदेशक सुमन मांजू ने ग्राम पंचायत नेवरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर किसानों से संवाद किया। उन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कृषि सेवाओं की जानकारी दी। वहीं बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अरविंद ओला ने सूरजगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बलौदा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.श्रीराम ने नेवरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर डॉ.श्रीराम ने पात्र पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की बीमा पॉलिसियां वितरित कर योजना के अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। जिले भर में आयोजित इन निरीक्षणों के दौरान अधिकारियों ने शिविरों की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को त्वरित राहत मिलने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ भी सरलता एवं पारदर्शिता के साथ मिल रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!