राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026: जिला स्तरीय जनसुनवाई में विभिन्न वर्गों ने रखे सुझाव

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान समान नागरिक संहिता (यूसीसी)-2026 के संबंध में आमजन एवं विभिन्न वर्गों के सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई समिति के नोडल अधिकारी एवं एडीएम अजय कुमार आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, विधि विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने भाग लेकर प्रस्तावित समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान 18 सुझावों एवं अभ्यावेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई के दौरान विवाह, विवाह विच्छेद, भरण-पोषण, उत्तराधिकार तथा लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषय प्रमुख रूप से चर्चा के केंद्र में रहे। उपस्थित वक्ताओं ने अपने-अपने दृष्टिकोण रखते हुए सुझाव दिए कि किसी भी कानून का उद्देश्य सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में सभी समुदायों की धार्मिक आस्थाओं एवं परंपराओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जनसुनवाई में कई वक्ताओं ने महिलाओं को समान अधिकार प्रदान किए जाने का समर्थन किया। साथ ही लिव-इन रिलेशनशिप के अनिवार्य पंजीकरण का सुझाव भी रखा गया। कुछ प्रतिभागियों ने यह भी सुझाव दिया कि विवाह एवं लिव-इन रिलेशनशिप के पंजीकरण में माता-पिता की सहमति को भी आवश्यक प्रावधान के रूप में शामिल करने पर विचार किया जाए। कई वक्ताओं ने कहा कि समान नागरिक संहिता का आधिकारिक ड्राफ्ट सार्वजनिक किया जाए, ताकि आमजन एवं विभिन्न वर्ग उसे विस्तार से अध्ययन कर अपने सार्थक सुझाव प्रस्तुत कर सकें। 
जनसुनवाई के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर भी बल दिया कि समान नागरिक संहिता के किसी भी प्रावधान से नागरिकों की धार्मिक मान्यताओं एवं आस्था में हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। सभी धर्मों एवं परंपराओं के सम्मान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की जाए। जनसुनवाई में एसीईओ रामनिवास, सीओ सिटी गोपाल ढाका, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विप्लव न्यौला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ.पवन पूनिया, विशंभर पूनिया सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, राजनीतिक प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।

*संभाग स्तरीय जन सुनवाई आज*

जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने बताया कि संभाग स्तरीय जनसुनवाई शुक्रवार प्रातः 10 बजे से 12ः30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी। राजस्थान समान नागरिकता संहिता 2026 समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघ्न सिंह होंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!