सिरस (लालचंद माली): गांव श्योसिंहपुरा के राजकीय विद्यालय में रक्षण परियोजना एवं आई पार्टनर इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष शिवराज प्रजापत ने की, जबकि सचिव गिर्राज शर्मा क। बैठक को संबोधित करते हुए संस्था के अनिल भारद्वाज ने समुदाय के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराती है। उन्होंने नामांकन अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों और समुदाय से सक्रिय सहयोग की अपील की।
भारद्वाज ने बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए बताया कि विभिन्न फाउंडेशन के माध्यम से जीवन कौशल विकसित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति की जिम्मेदारियों और शिक्षा के प्रति सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संस्था के हरपाल बैरवा ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश समाज शिक्षा के बल पर निरंतर प्रगति कर रहे हैं, लेकिन नट समुदाय अभी भी शिक्षा के अभाव में पीछे है। उन्होंने कहा कि यदि समाज को विकास की मुख्यधारा में लाना है तो प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना अनिवार्य है। शिक्षा ही उनके जीवन में बदलाव और बेहतर भविष्य का सबसे मजबूत आधार बनेगी। बैठक में मोबिलाइजर सोनू नंदवाल, शीतल नंदवाल, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य तथा समुदाय के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।