*संगठन में अनुभव को तवज्जो: सेवानिवृत्त शिक्षक एवं पूर्व उप प्रधान महादेवा राम देवासी पाल जालोर कांग्रेस जिलाध्यक्ष नियुक्त

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी मंगलवार को घोषित की गई। प्रदेश अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी द्वारा जारी सूची में जालोर जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रानीवाड़ा के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं पूर्व उपप्रधान महादेवा राम देवासी पाल को सौंपी गई है। सूची के अनुसार महादेवा राम देवासी पाल को जालोर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महादेवा राम देवासी पाल रानीवाड़ा पंचायत समिति के पूर्व उप प्रधान रह चुके हैं। शिक्षक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले करीब डेढ़ दशक से वे सक्रिय रूप से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका रही है। ग्रामीण क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ और सभी समाजों में स्वीकार्यता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ का उद्देश्य वंचित, दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को पार्टी से जोड़ना है। महादेवा राम देवासी पाल के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के कारण जालोर जिले में प्रकोष्ठ की गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। पार्टी ने आशा जताई है कि उनके नेतृत्व में जिले में सदस्यता अभियान, जनजागरण और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का काम तेज होगा। नियुक्ति की सूचना मिलते ही रानीवाड़ा, जालोर, बागोड़ा एवं सांचौर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। मंगलवार शाम से ही उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जमीनी अनुभव वाले नेता को जिम्मेदारी मिलने से जिले में संगठन को बल मिलेगा। जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद महादेवा राम देवासी पाल ने प्रदेश नेतृत्व, प्रदेश प्रभारी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाऊंगा। कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना और बाबा साहेब के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को धरातल पर उतारना मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सभी मिलकर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!