रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): बागरा थाना पुलिस ने अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के बहुचर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार जब्त की है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दोलिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा एवं वृत्ताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी मोहन लाल गर्ग के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को अधिवक्ता नटवर सिंह पुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 जुलाई की शाम जालोर कोर्ट से अपने गांव सियाणा लौटते समय आकोली और सियाणा के बीच एक काले रंग की क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। इसी दौरान पीछे से आई एक सफेद कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों वाहनों से उतरे लोगों ने लोहे की रॉड, पाइप, कुल्हाड़ी और लकड़ियों से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गोली मारने की भी कोशिश की, लेकिन राहगीरों के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस थाना बागरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर अपराधों का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार भी जब्त कर ली गई। गिरफ्तार आरोपियों में अगरा राम, अल्ताफ खान, करण कुमार, श्रवण कुमार, सुरेन्द्र सिंह उर्फ सूर्यवीर सिंह, सुशील सैन तथा वालाराम उर्फ करण शामिल हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में बागरा थाना पुलिस, कोतवाली थाना पुलिस तथा जिला साइबर सेल की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
एडवोकेट पर जानलेवा हमले में 7 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार जब्त
By -
July 09, 2026
0
Tags: