खाजूवाला/बीकानेर (मुकेश रामावत): जनसेवा और संवेदनशील प्रशासन की एक अनूठी मिसाल खाजूवाला नगर पालिका ने पेश की है। घायल होने के कारण कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे आवेदक के घर स्वयं जाकर अधिशासी अधिकारी ने उसे भूमि का पट्टा सौंपा। प्रशासन की इस पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार आवेदक जफार हुसैन पुत्र रहीम खां पैर में चोट लगने की वजह से नगर पालिका कार्यालय नहीं आ पा रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सोहन लाल स्वयं उनके घर पहुंचे और पट्टा उनके सुपुर्द किया। अपने घर पर ही पट्टा मिलने से जफार हुसैन और उनके परिजनों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार एवं नगर पालिका प्रशासन का आभार जताया।
आवेदक ने कहा कि इस पहल से उन्हें काफी राहत मिली है और प्रशासन की जनहितकारी कार्यप्रणाली पर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि पात्र लोगों को समय पर पट्टे उपलब्ध कराने और आमजन को अधिकतम सुविधा देने के उद्देश्य से ऐसे जनहितकारी प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। प्रशासन के इस कदम को लोग "सरकार आपके द्वार" की भावना के अनुरूप बता रहे हैं।