निवाई (लालचंद माली): अवैध बजरी खनन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दत्तवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डील नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र से एक अवैध लोडर ट्रैक्टर जब्त किया है। पुलिस ने चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दत्तवास थानाधिकारी निरमा मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव एवं डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा के सुपरविजन में अवैध बजरी खनन व भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने डील नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खड़े एक लोडर ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया। पुलिस ने वाहन चालक एवं मालिक के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक मोहन लाल एवं तुलसीराम, कांस्टेबल हरिकेश, दयाराम, हरिशंकर तथा दीपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और भंडारण में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।