निवाई (लालचंद माली): शिवाजी कॉलोनी निवासी होनहार छात्र अनंत पारीक ने नीट यूजी-2025 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चिकित्सा शिक्षा की राह में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अनंत ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2840 तथा ऑल इंडिया ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 253वीं रैंक प्राप्त कर परिवार के साथ-साथ पूरे निवाई क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। अनंत समाजसेवी सागर पारीक एवं डॉ.इंदिरा पुरोहित के सुपुत्र तथा सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मोहन लाल पारीक के पौत्र हैं। उनकी इस सफलता पर परिवार, समाज और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है तथा बधाइयों का तांता लगा हुआ है। अनंत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा मोहन लाल पारीक, नाना मधुसूदन पारीक, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासित अध्ययन और परिवार के विश्वास ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। इस सफलता के पीछे उनकी माता डॉ.इंदिरा पुरोहित का त्याग और समर्पण विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा। बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और लगातार तीन वर्षों तक सीकर में रहकर उसकी तैयारी पर पूरा ध्यान दिया। वहीं पिता सागर पारीक ने हर कदम पर प्रेरणा और सहयोग देकर अनंत का मनोबल बनाए रखा। अनंत की इस उल्लेखनीय उपलब्धि को परिवार के त्याग, माता-पिता के समर्पण और विद्यार्थी की अथक मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता से न केवल पारीक समाज बल्कि पूरे निवाई क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
मां के त्याग और बेटे की मेहनत लाई रंग, अनंत पारीक ने नीट यूजी-2025 में ईडब्ल्यूएस ऑल इंडिया 253वीं रैंक से बढ़ाया निवाई का मान
By -
July 19, 2026
0
Tags: