जयपुर (मुकेश रामावत): विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू जनाधिकार समिति, जयपुर के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से शिष्टाचार भेंटकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में जयपुर में विशाल जनसभा आयोजित कराने का आग्रह किया। समिति ने प्रस्ताव रखा कि नवंबर 2027 से फरवरी 2028 के बीच आयोजित होने वाली इस जनसभा में प्रदेश सहित देशभर से विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समाज के करीब पांच लाख लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्रीय संयोजक रामकिशोर योगी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सह संयोजक राकेश बिडावत, सदस्य रामअवतार योगी, जयपुर प्रांत संयोजक जसराम गोस्वामी तथा सामाजिक कार्यकर्ता वेद प्रकाश पटेल शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को प्रस्तावित कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, उद्देश्य तथा समाज हित में इसकी उपयोगिता से अवगत कराया। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रस्तावित जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए संगठनात्मक सहयोग एवं आवश्यक मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समाज को राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास होगा, जिससे समाज में संगठन, जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक एकता को नई दिशा मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि समिति द्वारा फरवरी 2026 में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समाज के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रबुद्धजनों का भव्य महासम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उनके संबोधन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में नई प्रेरणा मिली। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समाज के उत्थान, सम्मान और विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया है, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है। शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। प्रतिनिधिमंडल का मानना है कि प्रस्तावित विशाल जनसभा समाज के लोगों को एक साझा मंच पर लाने के साथ-साथ संगठनात्मक सशक्तीकरण, राष्ट्र निर्माण में सहभागिता और युवाओं में नई चेतना का संचार करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। साथ ही समाज की समस्याओं, अपेक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने का अवसर भी मिलेगा। बैठक के दौरान समाज के विकास, संगठन विस्तार एवं भविष्य की कार्य योजना पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का समय देने और समाज के मुद्दों पर सकारात्मक संवाद के लिए आभार व्यक्त किया।
मोदी की जयपुर में 5 लाख समाजजनों की महासभा का प्रस्ताव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मिला प्रतिनिधिमंडल
By -
July 19, 2026
0
Tags: