निवाई (लालचंद माली): पूज्य सिंधी समाज के तत्वावधान में सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर में प्रेम प्रकाश पंथ के संस्थापक सतगुरु स्वामी टेऊंराम महाराज का 140वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे के आयोजन से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। जन्मोत्सव के अवसर पर स्वामी टेऊंराम महाराज की प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक किया गया तथा आकर्षक झांकी सजाई गई। इसके बाद सुखमणि पाठ एवं बहराना साहब का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर महाराज के बताए मानव सेवा, प्रेम और करुणा के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। शाम को आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयघोषों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर के पुजारी रामरतन शास्त्री ने कहा कि स्वामी टेऊंराम महाराज का जीवन प्रत्येक जीव के प्रति प्रेम, दया और सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज को "सतनाम साक्षी सर्व आधार, जो सुमिरे सो उतरे पार" का अमूल्य संदेश देकर मानवता की राह दिखाई। इस अवसर पर सिंधी समाज अध्यक्ष दिलीप इसरानी, राजकुमार करनानी, हेमनदास फुलवानी, राजू केशवानी, बलराम रामानी, ताराचंद, वासदेव, घनश्याम दास, दिलीप दासवानी सहित महिला मंडल की रेशु दासवानी, गरिमा, नंदिनी, आशा, नीता, भारती एवं बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
सतनाम साक्षी के जयघोष से गूंजा झूलेलाल मंदिर, स्वामी टेऊंराम महाराज का 140वां जन्मोत्सव श्रद्धा व उल्लास से मनाया
By -
July 19, 2026
0
Tags: