निवाई (लालचंद माली): पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से शुक्रवार को सरकार के निर्देशानुसार निवाई क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो-दो हजार पौधे लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान नीम, पीपल, शीशम, गुलमोहर, अशोक, नींबू, आम, पपीता एवं सफेदा सहित सैकड़ों फलदार और छायादार पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। विकास अधिकारी नन्दकिशोर शर्मा ने कहा कि "वृक्ष मनुष्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।" वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि भूमि को बंजर होने से बचाने के साथ जीव-जंतुओं के अस्तित्व की भी रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही अंधाधुंध वृक्ष कटाई से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है और जैव विविधता भी प्रभावित हो रही है। यदि मानव ने अपने स्वार्थ के लिए इसी तरह पेड़ों का विनाश जारी रखा तो वह स्वयं अपने विनाश का कारण बनेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी कैलाश चन्द गुर्जर, कमलेश लक्षकार, प्रशासक, ग्राम विकास अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायतों में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।
हर ग्राम पंचायत होगी हरियाली से गुलज़ार: दो-दो हजार पौधे लगाने का अभियान शुरू
By -
July 24, 2026
0
Tags: