नारायणपुर: थाना बासदयाल क्षेत्र के गांव इन्द्राडा में 4 वर्षीय मासूम आर्यन की संदिग्ध मौत के मामले में बासदयाल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थानाधिकारी उप निरीक्षक कश्मीर सिंह ने किया। 05 जुलाई को परिवादी कृष्ण कुमार शर्मा निवासी इन्द्राडा ने रिपोर्ट दी कि गांव के आर्यन की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान (RPS), वृत्ताधिकारी श्रीमती मनीषा मीणा (RPS) के सुपरविजन में थाना प्रभारी कश्मीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। ग्रामीणों के रोष और घटना की गंभीरता को देखते हुए टीम ने कड़ी मेहनत से जांच की। मौखिक व भौतिक साक्ष्य जुटाकर मासूम के सौतेले पिता हंसराज कुमावत पुत्र टीडाराम, जाति कुम्हार, उम्र 28 साल, निवासी इन्द्राडा से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पहली पत्नी से तलाक के बाद 2 माह पूर्व उसने बिहार निवासी पिंकी से दूसरी शादी की थी। पिंकी के साथ उसका 4 वर्षीय बेटा आर्यन भी आया था। आरोपी आर्यन को पसंद नहीं करता था और शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच रहा था। 04 जुलाई को दोपहर करीब 12 से 1 बजे आरोपी ने घर पर बने पानी के हौद में लगे टिल्लू पंप की पाइप को आर्यन के मुंह पर लगा दी, जिससे दम घुटने से आर्यन की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने परिवार को बताया कि आर्यन हौद में गिरकर मर गया और बिना पुलिस को सूचना दिए शव को शमशान घाट में दफनाकर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया कि टीम ने तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर 24 घंटे में पूरे मामले का पर्दाफाश किया। इस सफलता में थानाधिकारी कश्मीर सिंह के साथ एएसआई देवीसिंह, एएसआई अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार, शंकर लाल, नरसीराम, दीपक कुमार व चालक राजेश कुमार शामिल रहे। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में गहन अनुसंधान जारी है।
थाना प्रभारी कश्मीर सिंह के नेतृत्व में बासदयाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
By -
July 06, 2026
0
Tags: