गंगोत्री से पावटा जोहड़ा धाम तक निकलेगी कांवड़ यात्रा

AYUSH ANTIMA
By -
0



पावटा (राहुल शर्मा): सावन माह के पावन अवसर पर बाबा भूतनाथ कमेटी, जोहड़ा धाम (पावटा) के तत्वावधान में चतुर्थ विशाल पैदल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जायेगा। धार्मिक आस्था, श्रद्धा और शिवभक्ति से ओत-प्रोत इस यात्रा को लेकर क्षेत्र के शिवभक्तों में भारी उत्साह है। कमेटी द्वारा यात्रा की सभी तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है। कमेटी के अनुसार कांवड़ यात्रा का शुभारंभ 15 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे पवित्र तीर्थ गंगोत्री धाम से होगा। शिवभक्त मां गंगा का पवित्र जल लेकर कठिन पर्वतीय मार्गों और विभिन्न राज्यों से होते हुए पैदल यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण के बीच अपनी आस्था का परिचय देंगे। कांवड़िए 20 जुलाई 2026 को प्रातः 5 बजे यात्रा पूर्ण कर वापस लौटेंगे।

*जोहड़ा धाम में होगा भव्य समापन*

यात्रा के समापन उपरांत 10 एवं 11 अगस्त 2026 को जोहड़ा धाम (पावटा) में भव्य धार्मिक आयोजन होंगे। इस दौरान आकर्षक शोभायात्रा निकाली जायेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं ग्रामीण भाग लेंगे। इसके पश्चात भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति संगीत, हर-हर महादेव के जयघोष और धार्मिक अनुष्ठानों से जोहड़ा धाम शिवमय वातावरण में सराबोर रहेगा। बाबा भूतनाथ कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, अनुशासन और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कमेटी ने क्षेत्रवासियों से आयोजन में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!