नोखा में कांग्रेस का हल्ला बोल: केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, पीएम का पुतला दहन, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

AYUSH ANTIMA
By -
0


नोखा/बीकानेर (मुकेश रामावत): राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को नोखा शहर एवं देहात ब्लॉक कांग्रेस ने संयुक्त रूप से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोला। अंबेडकर सर्किल पर हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। जिला महासचिव मुरली गोदारा ने कहा कि दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज, पेपर लीक की घटनाएं और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर यह विरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित वरिष्ठ नेताओं को शांतिपूर्ण धरने के दौरान हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस इसकी कड़ी निंदा करती है।  
देहात ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास तरड़ ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्वक अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। सरकार को छात्रों-युवाओं की समस्याओं को दबाने के बजाय उनका समाधान करना चाहिए। कांग्रेस उनके न्याय की लड़ाई में हमेशा साथ खड़ी रहेगी। शहर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन लाल लीलड़ ने केंद्र की शिक्षा नीति और जनविरोधी फैसलों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है। इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।  
इस दौरान पेपर लीक के मुद्दे पर अंबेडकर प्रतिमा के सामने सत्याग्रह और अनशन पर बैठे राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष जुगल हटीला का कांग्रेस नेताओं ने जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया और उनके आंदोलन को समर्थन दिया।  
प्रदर्शन में सरपंच संघ अध्यक्ष पुरखाराम मेघवाल, जिला महासचिव केदारमल कठातला, जिला सचिव गणेश डूडी, सेवादल अध्यक्ष गंगाराम डूडी, युवा कांग्रेस के पवन छींपा, राकेश खीचड़, धर्माराम राहड़ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!