शिविर में योजनाओं की बरसात, बाहर कीचड़ का राज! किसान महापंचायत बोली—पहले रास्ते तो चलने लायक बनाइए

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): सरकार की ओर से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और कई लंबित मामलों का निस्तारण किया। वहीं दूसरी ओर किसान महापंचायत ने शिविर के दौरान ही गांव के आम रास्तों पर फैले कीचड़ और आवागमन की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन को आईना दिखाया। किसान महापंचायत के ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह पलेई ने कहा कि एक ओर सरकार गांव-गांव शिविर लगाकर योजनाओं का लाभ दे रही है, लेकिन दूसरी ओर ग्रामीण आज भी कीचड़ से लथपथ रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यदि गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होगा तो सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ भी प्रभावित होगा। शिविर में 16 आवासीय पट्टे वितरित किए गए। इसके अलावा शौचालय योजना, 5 पेंशन आवेदन, लगभग 50 भूमि शुद्धिकरण, 20 बंटवारा-तकसीमा, 10 नामांतरण, 4 पालनहार योजना प्रकरणों का निस्तारण किया गया। कृषि विभाग ने पाइपलाइन एवं कृषि अनुदान योजनाओं की जानकारी दी, जबकि पशुपालन विभाग ने गाय, भैंस एवं ऊंट के लिए 40 हजार रुपये तक की बीमा एवं अनुदान योजना की जानकारी दी। परिवहन विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क यात्रा योजना सहित अन्य विभागों ने भी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान किसान महापंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह पलेई के नेतृत्व में विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गांव के आम रास्तों में जमा कीचड़ को तुरंत हटाने और आवागमन सुगम बनाने की मांग की। शिविर में विकास अधिकारी नंदकिशोर शर्मा, सरपंच भवानी सिंह, ग्राम विकास अधिकारी खेवरराम मीणा, गिरदावर शिवपाल गुर्जर, पटवार संघ अध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर, पटवारी नंदकिशोर मीणा, कृषि पर्यवेक्षक गोपाल सैनी, किसान महापंचायत महामंत्री शंकर मीणा, सूरज नारायण जाट, गोपाल सिंह, खेमराज मीणा, रमेशचंद कारपेंटर, कजोड़ प्रजापत सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!