निवाई (लालचंद माली): प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री बद्रीनाथ धाम, नटवाड़ा में गुरुवार को देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गिरीश बचानी के प्रतिनिधि एवं देवस्थान विभाग, अजमेर के निरीक्षक भोजराज अग्रवाल ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर की मूलभूत व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया गया। हालांकि एक बार फिर चर्चा का केंद्र 4.15 करोड़ रुपये की स्वीकृत पर्यटन विकास परियोजनाएं रहीं, जिन पर अब तक काम शुरू नहीं हो सका है।
निरीक्षक भोजराज अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि स्वीकृत परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए वे अपने स्तर पर अनुमोदन की अभिशंसा करेंगे तथा निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है तथा इसके विकास से क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इधर, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि घोषणाएं और निरीक्षण पहले भी कई बार हो चुके हैं, लेकिन विकास कार्य अब तक फाइलों से बाहर नहीं निकल पाए हैं। ऐसे में इस बार भी उम्मीदों के साथ सवाल यही है कि करोड़ों की परियोजनाएं आखिर धरातल पर कब उतरेंगी। इस दौरान श्री बद्रीनाथ धाम ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों ने अधिकारियों को मंदिर का भ्रमण कराया, भगवान श्री बद्री विशाल के दर्शन करवाए तथा पावन प्रतिमा भेंट कर पारंपरिक सम्मान किया। निरीक्षण के समय ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा, उपाध्यक्ष बद्रीलाल विजय, सचिव घनश्याम गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में मंदिर के समग्र विकास और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई, जबकि लोगों की निगाहें अब आश्वासनों से आगे बढ़कर वास्तविक निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं।