निवाई (लालचंद माली): क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के लिए चौबीसों घंटे मैदान में डटे रहने वाले विद्युत विभाग के एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) कर्मचारी इस बार अपनी ही समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए। ठेकेदारों की कार्यशैली के विरोध में कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे दिन-रात काम तो लिया जा रहा है, लेकिन श्रमिकों के मूल अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। एफआरटी कर्मचारी भरत मीणा और हनुमान गुर्जर ने बताया कि पिछले 7-8 महीनों से नियमित रूप से कार्य करने के बावजूद समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, आज तक कर्मचारियों को जॉइनिंग लेटर, वेतन पर्ची (पे-स्लिप), पीएफ, ईएसआईसी, सुरक्षा बीमा और कंपनी का पहचान पत्र तक उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी जनता की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान करते हैं, उनकी अपनी समस्याओं की सुनवाई तक नहीं हो रही। कर्मचारियों ने मांग की कि सभी को जॉइनिंग लेटर एवं पे-स्लिप दी जाए, पीएफ और ईएसआईसी की सुविधा लागू की जाए, महीने में चार दिन का अवकाश मिले, सुरक्षा बीमा कराया जाए, कंपनी का आईडी कार्ड जारी किया जाए तथा वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन स्थगित करते हुए पुनः कार्य शुरू करने पर सहमति जताई। प्रदर्शन के दौरान हितेश मीणा, मांगीलाल जैन, दीपक, रवि, सुरजमल चौधरी, कानाराम, बाबूलाल मीणा, शंकर लाल चौधरी, हंसराज मीणा, अशोक, मोनू शर्मा, राजेंद्र गुर्जर, नवल किशोर, साधूराम, सत्यनारायण शर्मा, संजय गुर्जर सहित बड़ी संख्या में एफआरटी कर्मचारी मौजूद रहे।