निवाई (लालचंद माली): राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार से शुरू होकर 16 जुलाई तक चलेगी। परीक्षा को लेकर निवाई प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपखंड मुख्यालय पर बनाए गए 3 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,200 अभ्यर्थी दो पारियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा की निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की दोनों पारियों में बायोमेट्रिक सत्यापन और गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेशचन्द विजय ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ.टीना डाबी के निर्देशानुसार परीक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उच्च माध्यमिक सरस्वती विद्या मंदिर में 360, पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 360 तथा रानी लक्ष्मीबाई कन्या कॉलेज में 480 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा की प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पारी अपराह्न 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को प्रत्येक पारी में परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा, जहां तलाशी और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। इधर, सरस्वती विद्या मंदिर परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि शनिवार को केंद्र पर नियुक्त सभी अभिजागरों की बैठक आयोजित कर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी रमेशचन्द विजय ने परीक्षा संचालन से जुड़े दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं।