निवाई (लालचंद माली): श्री बद्रीनाथ धाम मंदिर प्रबंधन एवं विकास समिति ट्रस्ट तथा नटवाड़ा के ग्रामीणों ने मंदिर के विकास कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग को लेकर विधायक रामसहाय वर्मा को राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बजट वर्ष 2025-26 में घोषित विकास कार्यों को जल्द शुरू कराने की मांग की गई। नटवाड़ा मंडल अध्यक्ष बद्री विजय तथा समिति अध्यक्ष पंडित नाथूलाल शर्मा ने बताया कि राजस्थान सरकार के बजट वर्ष 2025-26 में राज्य के 252 मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों की घोषणा की गई थी। पहले यह कार्य पर्यटन विभाग के माध्यम से करवाए जा रहे थे, लेकिन अब इन्हें देवस्थान विभाग को स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र निवाई के प्राचीन धार्मिक स्थल श्री बद्रीनाथ धाम नटवाड़ा के विकास हेतु भी बजट आवंटित किया गया है, जिसकी कार्यकारी एजेंसी सार्वजनिक निर्माण विभाग को बनाया गया है। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम नटवाड़ा एक प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के आधारभूत ढांचे के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही उत्तराखंड स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के दौरान छह माह बंद रहने पर राजस्थान के श्रद्धालुओं को यहां दर्शन करने का बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकेगा। इस दौरान महामंत्री घनश्याम गुप्ता, कोषाध्यक्ष भंवरलाल जाट, रामकिशोर गुर्जर, श्रीनारायण जाट, बबलेश वर्मा, रामजीलाल बोकण, गिर्राज जाट, रामदेव प्रजापत, राम कल्याण मुंशी, पूर्व सरपंच पींटू बैरवा सहित ट्रस्ट पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
श्री बद्रीनाथ धाम नटवाड़ा के विकास की उठी मांग, विधायक को सौंपा ज्ञापन
By -
July 01, 2026
0
Tags: