बीकानेर (मुकेश रामावत): बीकानेर संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम में अव्यवस्थाओं को लेकर चल रहे आंदोलन के बाद गठित कमेटी ने बुधवार को अस्पताल अधीक्षक से मुलाकात की।
दरअसल, पीबीएम अस्पताल में मरीजों को हो रही परेशानियों और अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस के "पीबीएम सुधारो जनआंदोलन" के तहत कलेक्टर का घेराव किया गया था। इसके बाद प्रशासन ने मामले की निगरानी के लिए एक कमेटी गठित करने का निर्णय लिया था। देहात कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की अगुवाई में गठित कमेटी ने पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ.बीसी घिया से उनके कार्यालय में मुलाकात की। यह कमेटी की पहली बैठक थी। बैठक में कमेटी ने अस्पताल में सामने आ रही प्रमुख समस्याओं और अव्यवस्थाओं को अधीक्षक के सामने रखा। इसमें मरीजों को भर्ती, दवा, सफाई, स्टाफ और अन्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल थे। कमेटी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। अधीक्षक डॉ.घिया ने कमेटी की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसे लेकर कांग्रेस लगातार आंदोलनरत है। कमेटी अब नियमित रूप से अस्पताल की स्थिति की निगरानी करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।