बीकानेर/नई दिल्ली (मुकेश रामावत): अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (आईवीएफ) बीकानेर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से उनके कर्तव्य भवन स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। भेंट जिला अध्यक्ष विनोद बाफना के नेतृत्व में हुई। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं, सदस्यता अभियान और सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। जिला अध्यक्ष विनोद बाफना ने आईवीएफ के स्वरूप, विस्तार और विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के बारे में बताया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आईवीएफ द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बीकानेर इकाई द्वारा सदस्यता अभियान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पूरी टीम को बधाई दी और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। मंत्री ने इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल को कर्तव्य भवन की विशेषताओं और कार्य प्रणाली की भी जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के भावी कार्यक्रमों और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी रखे। इस दौरान राज्य महिला इकाई अध्यक्ष चारू गुप्ता, संयुक्त महामंत्री जेठमल नाहटा, युवा विंग के यशु चाँडक, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य विजय बाफना, टोंक की पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री के साथ सामूहिक छाया चित्र भी खिंचवाया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित आईवीएफ के स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर के प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय में आमंत्रित किया था। उसी के क्रम में यह शिष्टाचार भेंट संपन्न हुई।