श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): थाना क्षेत्र के दुलचासर गांव में बुधवार तड़के एक परचून की दुकान में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार खारिया कुआं के पास स्थित श्याम सुंदर जाजड़ा की परचून की दुकान में रात करीब 3 बजे तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि दुकान के आगे लगी 11 पट्टियां टूटकर गिर गईं और सामान बाहर तक बिखर गया। इसके बाद दुकान में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दुकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के कारण धमाका हुआ। फ्रिज में आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक्स रखे हुए थे। धमाके के बाद आग लगने से दुकान में रखा अधिकांश सामान जल गया।
दुकान संचालक के अनुसार लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया है। हालांकि अभी नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुकानदार को सूचना दी। सुबह होते ही दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। पुलिस ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी और आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।