बीकानेर (मुकेश रामावत): अंगदान महादान-जीवन संजीवनी अभियान के तहत गुरुवार को बीकानेर में अंगदान को लेकर बड़ा जनजागरूकता संदेश दिया गया। जुलाई-अगस्त 2026 में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय और सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय ने संयुक्त रूप से जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली को राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय के प्राचार्य एवं आरयूएचएस जयपुर के डीन नर्सिंग घनश्याम जांगिड़ और एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ.सुरेंद्र वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉ.सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि अंगदान सबसे बड़ा महादान है। एक व्यक्ति के निधन के बाद किए गए अंगदान से कई मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित करें। घनश्याम जांगिड़ ने कहा कि देश और प्रदेश में अंगों की भारी कमी के कारण हर साल कई मरीजों की जान चली जाती है। समाज में अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर जागरूकता बढ़ाना आज सबसे जरूरी है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे इस संदेश को हर गली-मोहल्ले तक पहुंचाएं।
अभियान के नोडल अधिकारी अमिताभ तंवर के मार्गदर्शन में छात्रों ने रैली के साथ-साथ रंगोली, गायन, स्लोगन लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता और रील निर्माण जैसी गतिविधियों के जरिए अंगदान का महत्व समझाया। कार्यक्रम में उप प्राचार्य छोटू कुमारी, कुलवीर सिंहा, कैलाश चंद्र, सुदीप्ता पाल, अनुपम पारिक, नतिका तंवर सहित दोनों महाविद्यालयों के संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। अंत में सभी प्रतिभागियों ने अंगदान को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।