निवाई (लालचंद माली): बड़ागांव से सिरोही जाने वाली सड़क पर विकास के दावों की परत पहली ही बारिश में उखड़ गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे अब वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बरसात के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किसे है—जनता को या जिम्मेदार विभाग को। ग्रामीण रामराय गुर्जर ने बताया कि मार्ग पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते और उन्हें बचाने के प्रयास में संतुलन बिगड़ जाता है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि रात के समय यह मार्ग और भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बड़ागांव–सिरोही मार्ग क्षेत्र के कई गांवों की जीवन रेखा है। इसी रास्ते से किसान अपनी उपज लेकर निकलते हैं, विद्यार्थी स्कूल-कॉलेज पहुंचते हैं, कर्मचारी ड्यूटी पर जाते हैं और मरीज अस्पताल पहुंचते हैं लेकिन बदहाल सड़क के कारण हर सफर जोखिम भरा बन गया है। लगातार झटकों और गड्ढों से वाहन भी खराब हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से बरसात के मौसम को देखते हुए बिना देर किए सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि विभाग गड्ढे भरेगा या फिर किसी गंभीर दुर्घटना के बाद ही उसकी नींद खुलेगी।