बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर में मंगलवार दोपहर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाले दो बदमाशों ने अलग-अलग जगहों पर लोगों को निशाना बनाया। बाइक सवार इन आरोपियों ने खुद को पुलिस वाला बताकर लोगों से सोने के आभूषण निकलवा लिए और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार दाऊजी रोड इलाके में दोनों युवकों ने एक व्यक्ति को रोक लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्होंने जांच के नाम पर डराया। इसके बाद "सुरक्षित रखने" की बात कहकर उसके हाथ में पहना सोने का कड़ा ले लिया। बदले में नकली सामान पकड़ाकर दोनों वहां से निकल गए। जब व्यक्ति को धोखे का पता चला तो उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपी भीनासर पहुंचे। यहां टैक्सी से उतरी दो महिलाओं को उन्होंने रोका। पुलिस कार्रवाई का हवाला देकर कहा कि गहने चोरी हो सकते हैं, इसलिए उतारकर रख लें। इसी बहाने बदमाशों ने महिलाओं के कानों के झुमके और लॉकेट उतरवा लिए। गहनों को कागज में लपेटकर कंकड़ के साथ महिलाओं को थमा दिया। जब महिलाओं ने कागज खोला तो ठगी का पता चला। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी केएमआर होटल के पास से होते हुए बरसिंगसर रोड की तरफ भाग गए। सूचना मिलते ही कोतवाली और गंगाशहर थाना पुलिस एक्टिव हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फुटेज में संदिग्ध बाइक सवारों की तस्वीरें मिल गई हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस बनकर ठगी का खेल: बीकानेर में फर्जी पुलिसकर्मी बने बदमाशों ने दिन दहाड़े उतरवाए सोने के गहने, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
By -
July 15, 2026
0
Tags: