कोतवाली पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय चोर गिरोह, कई जिलों में कबूली चोरियां

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): कोतवाली थाना पुलिस ने शास्त्री नगर में बंद मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी ट्रेन के जरिए शहर आते थे और वारदात को अंजाम देकर उसी रात वापस निकल जाते थे।
18 जून की रात शास्त्री नगर निवासी किशोर कुमार जटिया के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर ली गई थी। उस समय परिवार मनाली गया हुआ था। पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कोतवाली पुलिस के साथ हनुमानगढ़ डीएसटी और आरपीएफ जोधपुर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष उर्फ शास्त्री उर्फ भगतजी, निवासी घड़साना श्रीगंगानगर, सज्जन कुमार, निवासी अमरपुरा फाजिल्का पंजाब और रवि कुमार सोनी, निवासी सुरेशिया हनुमानगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ट्रेन से टारगेट शहर पहुंचते थे। रात में सुनसान इलाकों में बंद मकानों को निशाना बनाते और चोरी के बाद उसी ट्रेन से लौट जाते थे। 
आरोपियों ने बाड़मेर, बालोतरा, सिणधरी, जालोर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, लूणकरणसर, बज्जू और खाजूवाला समेत कई जगहों पर चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और चोरी का माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!