श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): भीषण गर्मी और उमस के बीच आस्था की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। राजलदेसर निवासी कैलाश नाई ने पूनरासर बाबा के प्रति अपनी अटूट भक्ति का परिचय देते हुए सेरूणा से पूनरासर धाम तक करीब 17 किलोमीटर की दंडवत यात्रा पूरी की। कैलाश नाई पूनरासर हनुमान मंदिर की सुंदरकांड पाठ मंडली से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बुधवार सुबह सेरूणा से अपनी यात्रा शुरू की और गुरुवार सुबह पूनरासर धाम पहुंचकर इसे संपन्न किया। तपती धूप और कठिन मौसम के बावजूद उनका संकल्प नहीं डगमगाया। जैसे ही वे मंदिर परिसर पहुंचे, श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर के पुजारी परिवार और स्थानीय युवाओं ने पूरे रास्ते उनकी सेवा की। धाम पहुंचने पर पुजारी सुरेंद्र बोथरा, नीरज बोथरा, अभिनंदन बोथरा और प्रियंक बोथरा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष ज्योत पूजन करवाया और कैलाश को बाबा का आशीर्वाद दिलवाया। पूनरासर मंदिर पुजारी ट्रस्ट की ओर से कैलाश नाई को दुपट्टा ओढ़ाकर और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट ने कहा कि यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी श्रद्धा की ताकत का उदाहरण है। मौजूद श्रद्धालुओं ने कैलाश की भक्ति की सराहना करते हुए इसे आस्था की जीत बताया।
तपती धूप में 17 किमी दंडवत यात्रा: राजलदेसर के कैलाश नाई ने श्रद्धा से पूरा किया पूनरासर धाम का सफर
By -
July 16, 2026
0
Tags: