तीन साल से टूटी पुलिया बनी बच्चों की पढ़ाई और किसानों की खेती पर संकट, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): ग्राम जीवली और भरथला के बीच ढील नदी पर स्थित पुलिया पिछले तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। पुलिया के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया टूटने के बाद ढील नदी ने अपना प्राकृतिक बहाव बदल लिया है और अब किसानों के खेतों के बीच से गुजर रही है। इससे उपजाऊ भूमि का लगातार कटाव हो रहा है तथा खेतों में गहरे खड्डे बनने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने कहा कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने से जीवली और भरथला के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ा है। करीब 50 से 60 विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। कई बच्चों को विद्यालय बदलना पड़ा, जबकि कुछ विद्यार्थियों ने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। जीवली से भरथला विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी काफी कम हो गई है। बरसात के दिनों में बच्चों और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर बहते पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। पानी में सांप और अन्य जहरीले जीवों का खतरा बना रहने से अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने एसडीएम से पुलिया का तत्काल पुनर्निर्माण कराने, नदी के बहाव को उसके मूल मार्ग पर लाने, किसानों की क्षतिग्रस्त भूमि का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाने तथा विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के लोग जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में गोपाल डीलर, जगदीश, गिरिराज शर्मा, रामसिंह डोई, पप्पू गुर्जर, सुरज्ञान फौजी, हरकेश गुर्जर, जगदीश राणा, जितेंद्र शर्मा, रमाशंकर स्वामी, राजेश सिरोही सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!