बहरोड़: राजस्थान सरकार एवं बिजली विभाग द्वारा वर्षों पुराने बिजली कनेक्शनों पर प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि के नाम पर की जा रही हजारों रुपये की वसूली के विरोध में 17 जुलाई, शुक्रवार प्रातः 10:30 बजे उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय, बहरोड़ पर पीसीसी सचिव एवं कांग्रेस प्रत्याशी संजय यादव के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा उपखंड अधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। बिजली विभाग द्वारा वर्षों से नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को अचानक प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि जमा कराने के नोटिस भेजना पूरी तरह अनुचित और जनविरोधी कदम है। इससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, कर्मचारी, छोटे व्यापारी तथा आम उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। महंगाई से पहले ही परेशान जनता पर इस प्रकार का अतिरिक्त भार डालना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से इस अन्यायपूर्ण निर्णय का विरोध करेगी। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि की वसूली तत्काल निरस्त करने, जारी किए गए नोटिस वापस लेने तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की जाएगी।
इस विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिक, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होकर आमजन की आवाज़ बुलंद करेंगे।