पर्यावरण संरक्षण और अध्यात्म का अनूठा संगम

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सनातन संस्कृति में तुलसी के पावन महत्व, आध्यात्मिक चेतना और इसके अद्भुत औषधीय गुणों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से झुंझुनू शहर में एक बेहद सराहनीय और अनुकरणीय पहल की शुरुआत की गई है। श्रीमती गिन्नी देवी राधा वल्लभजी खेतान चैरिटेबल ट्रस्ट झुंझुनू के विशेष सहयोग से लायंस क्लब झुंझुनू एवं श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 13 जुलाई से भव्य 'तुलसा वितरण अभियान' का विधि-विधान से शुभारंभ किया गया। यह अभियान न केवल पर्यावरण की शुद्धता को बढ़ावा देगा, बल्कि घर-घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करेगा।
*वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ अभियान का शुभारंभ*

अभियान का आधिकारिक शुभारंभ चूना चौक, राणी सती रोड स्थित आशीर्वाद पैलेस बालाजी मंदिर परिसर में बेहद भक्तिमय माहौल में हुआ। ट्रस्ट के माननीय ट्रस्टी परमेश्वर हलवाई एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती यशोदा देवी हलवाई द्वारा पंडित महावीर प्रसाद शर्मा बीदासर वालों के आचार्यत्व में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी के गमलों की विशेष पूजा-अर्चना कर इस पुनीत कार्य की शुरुआत की गई। इस गौरवशाली अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस अभियान की सराहना की और इसे जनहित में एक बड़ा कदम बताया। लायंस क्लब झुंझुनू एवं श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्थान का सामाजिक और मानवीय योगदान हमेशा से व्यापक और अनुकरणीय रहा है । समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को राशन सामग्री, सूखी खाद्य सामग्री और सर्दियों में कंबलों का निरंतर वितरण करना इनकी पहचान रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!