बीकानेर (मुकेश रामावत): भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बीकानेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के डीजीएम देवेश को 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी यह राशि एक ठेकेदार से ले रहा था।
एसीबी को मिली शिकायत के आधार पर एडीएसपी आशीष कुमार के निर्देशन में ट्रैप की योजना बनाई गई। सीआई इंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश देकर डीजीएम देवेश को रिश्वत लेते समय पकड़ लिया। एडीएसपी आशीष कुमार ने बताया कि सीआई इंद्र कुमार एंड टीम मौके पर मौजूद है और फिलहाल कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही रिश्वत के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता के निर्देश पर राजस्थान में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए लगातार ट्रैप कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीकानेर में यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।