बीकानेर (मुकेश रामावत): सोशल मीडिया पर अपराधियों की बढ़ती पहुंच को लेकर बीकानेर रेंज पुलिस ने विशेष अभियान चलाया तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। पुलिस की साइबर टीम ने फरार और भगोड़े अपराधियों के नाम से चल रहे अकाउंट्स की निगरानी की। जांच में पता चला कि इन पेजों और हैंडलों को 8,139 युवा फॉलो कर रहे हैं। पुलिस ने इन सभी यूजर्स की डिटेल खंगाली। इनमें से 252 युवाओं की गहन प्रोफाइलिंग की गई। इसमें इंस्टाग्राम यूजरनेम, फॉलोअर्स, बायो, ईमेल, फोन नंबर और पता जैसी जानकारी जुटाई गई। रिपोर्ट में सामने आया कि 80% से ज्यादा फॉलोअर्स 15 से 30 साल के हैं और अधिकांश छात्र हैं। 30 से 40 साल के लोगों में ऐसे फॉलोअर्स की संख्या काफी कम मिली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवा वर्ग भ्रम और आकर्षण में आकर अपराधियों को महिमामंडित करने वाले कंटेंट से जुड़ रहा है। उन्हें सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों की जानकारी नहीं है। पुलिस ने चिन्हित युवाओं से संपर्क कर उन्हें समझाया कि अपराधियों से जुड़ने के कानूनी परिणाम गंभीर हो सकते हैं, साथ ही साइबर स्पेस में सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई। अभियान का उद्देश्य युवाओं को अपराध की दुनिया से दूर रखना और उन्हें साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना बताया गया है।
बीकानेर पुलिस का बड़ा खुलासा: गैंगस्टरों के सोशल मीडिया पेजों से 8000+ युवा जुड़े, 15-30 साल के छात्र सबसे ज्यादा
By -
July 25, 2026
0
Tags: