बीकानेर (मुकेश रामावत): गौ सेवा, संरक्षण और सम्मान के लिए चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत एकत्र किए गए 11 लाख हस्ताक्षर अब राष्ट्रपति तक पहुंचेंगे। आयोजकों ने बताया कि 27 जुलाई को सुबह 9 बजे डॉ.करणी सिंह स्टेडियम से प्रदेशभर के गौभक्त एकत्र होकर पैदल मार्च करते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। वहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन की प्रति कलेक्टर को सौंपी जाएगी। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी मुहिम का उद्देश्य गौमाता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलवाना और देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगवाना है। उनका कहना है कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और कृषि का आधार गौ है। यदि संस्कृति और कृषि को बचाना है तो गौ संरक्षण को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने गौवंश के साथ हो रहे अन्याय को समाज और संत समाज के लिए पीड़ादायक बताया। साथ ही कहा कि गौ के बिना कई वैदिक अनुष्ठान अधूरे माने जाते हैं। आयोजकों ने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो 27 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी आह्वान किया जाएगा। इसके बाद भी सरकार ने निर्णय नहीं लिया तो गौभक्त दिल्ली की ओर कूच करेंगे। अभियान के तीसरे चरण में सड़कों पर भटक रहे निराश्रित गौवंश को गौशालाओं में शिफ्ट करने का काम शुरू होगा। इसके लिए गौभक्त सर्वे कर गलियों में घूम रहे गौवंश को भामाशाहों की मदद से गौशाला भिजवाएंगे, ताकि वे प्लास्टिक न खाएं और उनके साथ क्रूरता न हो। पत्रकार वार्ता में मनोज कुमार सेवग, सूरज प्रकाश राव, मोखराम धारणिया सहित कई लोग मौजूद रहे।
*11 लाख हस्ताक्षर लेकर 27 जुलाई को राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे गौभक्त, करणी सिंह स्टेडियम से निकलेगा पैदल मार्च
By -
July 25, 2026
0
Tags: