कोलायत/बीकानेर (मुकेश रामावत): राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कोलायत ब्लॉक में अहम बैठक हुई। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, गैर संचारी रोगों और क्षय रोग नियंत्रण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ.सुनील कुमार जैन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बीसीएमओ डॉ.भरत ओझा सहित ब्लॉक के सभी चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, एएनएम और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उनका नियमित फॉलो-अप किया जाए। प्रत्येक एचआरपी केस की पर्सनल मॉनिटरिंग हो और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी पात्र महिला को स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहना पड़े।
30 साल से ऊपर के लोगों में बीपी, शुगर, ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की नियमित स्क्रीनिंग कराने के आदेश दिए गए। साथ ही चिन्हित मरीजों का समय पर इलाज और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा में संभावित टीबी रोगियों की जल्दी पहचान, सैंपल जांच और तुरंत इलाज शुरू करने पर बल रहा। अधिकारियों ने निक्षय पोषण योजना का लाभ दिलाने और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत’ अभियान तेज करने को कहा गया। पीएमएसएमए, नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण और ई-हेल्थ पोर्टल पर डेटा अपडेट को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के अंत में सभी स्वास्थ्य कर्मियों से टीमवर्क के साथ काम कर आमजन तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने का आह्वान किया गया।