बीकानेर (मुकेश रामावत): नेशनल हाइवे 62 पर देर रात लूणकरनसर के विश्वकर्मा मार्केट के पास एक भीषण हादसा हो गया। जोधपुर से लुधियाना जा रही राठौड़ ट्रेवल्स की बस के सामने अचानक गौवंश आ जाने से चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। इस दुर्घटना में श्रीगंगानगर निवासी महेश शर्मा के 8 माह के बेटे माधव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए। हादसे में माधव की मां रिशिका 35 और 6 वर्षीय बहन दिवांशी भी चोटिल हुई हैं। परिवार श्रीगंगानगर जा रहा था। सूचना मिलते ही टाइगर फोर्स के महिपाल सिंह राठौड़, राकेश मूंड और प्रभु नाथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय व्यापारियों, मिस्त्रियों और करणी जीव रक्षा दल की मदद से घायलों को लूणकरनसर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए 14 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया। घायलों की मदद के लिए टाइगर फोर्स ने अपनी एंबुलेंस के साथ एक किराए का वाहन भी लगाया। रिशिका, दिवांशी, बबीता, अरमान, जतिन, जगदीश, रोशनी, जवर कुमार, उर्मिला, सीताराम, कृष्ण कुमार, संतोष, पाना, कुणाल, माघ सिंह और नरपत हादसे में घायल हुए हैं। इनके परिजन जालौर, लुधियाना, करणपुर, गुरदासपुर, जोधपुर, बिहार और बीकानेर के रहने वाले हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।