बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने सोमवार सुबह शहरी परकोटे क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान वे नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ पैदल चलते हुए विभिन्न स्थानों पर पहुंचे।
*केईएम रोड से बीकाजी की टेकरी तक लिया जायजा*
निरीक्षण की शुरुआत केईएम रोड से हुई। इसके बाद जिला कलेक्टर कोटगेट, सिटी कोतवाली, रामपुरिया हवेलियां, मोहता चौक, नाइयों की गली, सब्जी बाजार, चूड़ी बाजार, लक्ष्मीनाथ मंदिर होते हुए बीकाजी की टेकरी तक पहुंचे। रास्ते में उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याएं और जरूरतें भी जानीं।
*सड़कों की मरम्मत के लिए 7 दिन की समय-सीमा तय*
जिला कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों का 3 दिन में सर्वे पूरा कर रिपोर्ट दें और अगले 7 दिनों में मरम्मत कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को सुगम आवागमन देना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बीडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सड़कों के रखरखाव से जुड़ी जानकारी और क्षेत्राधिकार बीडीए की वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाए, ताकि विभागों के साथ-साथ आमजन को भी जानकारी मिल सके, वहीं नगर निगम को सफाई टीमों की नियमित मॉनिटरिंग और सभी मुख्य मार्गों व सार्वजनिक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता विमल गहलोत, अधिशाषी अभियंता कमल खत्री, निगम सचिव जगमोहन हर्ष सहित बीडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी उपस्थित रहे।