बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन नीलकंठ" के तहत जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एमडी की तस्करी में लिप्त दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 61.72 ग्राम एमडी और तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त की है। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में एसआई सुशीला मीणा की टीम ने कांस्टेबल हरफूल सिंह की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने डी-मार्ट के पीछे स्वर्ण जयंती रोड से दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी प्रेम विश्नोई 22 वर्ष निवासी गंगापुरा हाल रानीबाजार और अशोक विश्नोई 25 वर्ष निवासी लक्की मॉडर्न स्कूल के पास रानीबाजार बताए जा रहे हैं। दोनों ने आईटीआई की पढ़ाई कर रखी है, लेकिन आसान पैसे के लालच में नशे के धंधे में उतर गए थे। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नोखा के मांगीलाल गिला विश्नोई से एमडी खरीदते थे। इसके बाद बीकानेर में 1-1 ग्राम की पुड़िया बनाकर युवाओं को सप्लाई करते थे। पुलिस का अनुमान है कि ये रोजाना सैकड़ों युवाओं तक नशा पहुंचा रहे थे। कार्रवाई में एसआई मुकेश मीणा, कांस्टेबल हरफूल सिंह, कांस्टेबल नरेश और महिला कांस्टेबल सुनीता की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर शहर में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चल रहा है। एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सीओ सदर अनुषा कालिया के सुपरविजन में पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पढ़े-लिखे होकर भी चुना नशे का रास्ता: बीकानेर पुलिस ने स्विफ्ट कार समेत 61 ग्राम एमडी के साथ 2 युवकों को दबोचा
By -
July 24, 2026
0
Tags: