बीकानेर (मुकेश रामावत): जिले के जामसर थाना क्षेत्र में वाहन लोन के नाम पर फाइनेंस कंपनी को चूना लगाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज और झूठे वादे कर 7 लाख 20 हजार रुपये का लोन पास करवाया और फिर वाहन को ही गायब कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। एसके फाइनेंस लिमिटेड की शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने कंपनी को भरोसे में लेकर एक महिंद्रा स्कॉर्पियो RJ-06-UB-1391 पर लोन स्वीकृत करवाया। लोन मिलने के बाद आरोपियों ने वाहन का गलत इस्तेमाल किया और बाद में उसे ठिकाने लगा दिया। इससे कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। शिकायत में कहा गया कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत पहले विश्वास जीता, फिर फाइनेंस कराकर वाहन को बेच-बुजवा दिया। जामसर पुलिस ने शिकायत के आधार पर गफूर खान पुत्र मोहम्मद अली, उसकी पत्नी रुकसाना और अनू खान के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब वाहन के कागज, लोन से जुड़े रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पूरे नेटवर्क का पता चल पाएगा। अगर आरोप साबित होते हैं तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की जांच हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह को सौंपी गई है।
झूठे कागज और गायब स्कॉर्पियो: जामसर में फाइनेंस कंपनी से 7.20 लाख की ठगी, पति-पत्नी समेत 3 पर केस दर्ज
By -
July 24, 2026
0
Tags: