नारायणपुर (प्रदीप जांगिड़): कस्बे में कानून का राज शर्मसार हो गया। थानागाजी नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन को दिन दहाड़े उनके ही रिश्तेदार ने सरेआम थप्पड़ रसीद कर दिया। सबसे शर्मनाक बात ये रही कि पीड़ित जब न्याय मांगने थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसकी सुनवाई की बजाय उल्टा उसे ही पाबंद कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।पीड़ित चौथमल सैनी ने बताया कि साल 2017 में उन्होंने राजेंद्र के पिता सूरजमल से मेहनत की कमाई से नारायणपुर में दुकान के लिए जमीन खरीदी थी। सूरजमल की मौत के बाद से ही बेटा राजेंद्र उस जमीन को हड़पने की फिराक में था।9 जुलाई को जब चौथमल सैनी परिवार के साथ वहां निर्माण शुरू कराने गए तो राजेंद्र गुंडों की तरह पहुंच गया। उसने धमकाकर काम बंद करवा दिया। विरोध करने पर राजेंद्र ने सरेआम चौथमल के गाल पर तमाचा जड़ दिया।बता दें कि चौथमल सैनी कोई आम व्यक्ति नहीं हैं। वे थानागाजी वार्ड 16 से निवर्तमान पार्षद और पूर्व चेयरमैन हैं। उनकी बहू भी पार्षद रह चुकी है। पीड़ित का आरोप है कि जब दोनों पक्ष नारायणपुर थाने शिकायत लेकर पहुंचे तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय दोनों को ही पाबंद कर दिया।शुक्रवार को मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अब उच्च अधिकारी मामले की जांच की बात कर रहे हैं। सवाल ये उठ रहा है कि अगर वीडियो सामने नहीं आता तो क्या पीड़ित को न्याय मिलता। स्थानीय लोगों का कहना है कि रसूखदार और आपराधिक छवि के लोगों के सामने पुलिस बेबस नजर आ रही है।थानाधिकारी रोहिताश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से परिवाद दिया गया था, जिस पर दोनों को पाबंद किया गया था। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
पूर्व चेयरमैन को सरेआम जड़ा थप्पड़: वीडियो वायरल, न्याय मांगने थाने पहुंचे तो पाबंद कर दिया
By -
July 24, 2026
0
Tags: