रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों तथा आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन रानीवाड़ा इकाई द्वारा पंचायत समिति परिसर के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के निर्देशानुसार तथा रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी के मार्गदर्शन में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुष्मिता गर्ग के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं तथा संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने पंचायत समिति गेट के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक रूप से टायर जलाकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद पंचायत समिति गेट से उपखंड कार्यालय तक रैली निकाली गई। रैली के समापन पर भारत के महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शन में रानीवाड़ा विधानसभा अध्यक्ष उम्मेद सिंह झाला, रानीवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष राजेश रोहिण, जिला उपाध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस जिला महासचिव रघुवीर सिंह सोलंकी तथा जिला उपाध्यक्ष सोहन खिलेरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व किया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुष्मिता गर्ग ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का मौलिक अधिकार है, लेकिन लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। यदि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की। युवा कांग्रेस नेता रमेश सारण ने कहा कि लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों से युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं पर विश्वास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देना चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। जिला उपाध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस जिला महासचिव रघुवीर सिंह सोलंकी ने कहा कि जब तक पेपर लीक मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर दोषियों को कठोर दंड नहीं दिया जाता, तब तक एनएसयूआई युवाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी। संगठन छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा।
*पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
By -
July 23, 2026
0
Tags: