सिरस (लालचंद माली): श्योसिंहपुरा सहित आसपास के कई गांवों में पिछले पांच दिनों से बीसलपुर पेयजल योजना की आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से ग्रामीण भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। लगातार पानी नहीं मिलने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और महिलाओं को पीने के पानी के लिए आधा किलोमीटर दूर स्थित कुओं से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। पूर्व सीआर अशोक कुमार ने बताया कि श्योसिंहपुरा, भेरूगंज, वजीराबाद, खलीलाबाद सहित कई गांवों में पिछले पांच दिनों से बीसलपुर पेयजल आपूर्ति बंद पड़ी है। भीषण गर्मी के बीच पानी की सप्लाई ठप होने से ग्रामीणों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए बीसलपुर परियोजना के क्षेत्रीय अधिकारी से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन तक रिसीव नहीं किया। इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि घरों में पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना आधा किलोमीटर दूर कुओं से पानी लाना मजबूरी बन गया है। पेयजल संकट के कारण दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बीसलपुर योजना के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल कराने, खराब व्यवस्था की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जलापूर्ति सुचारू नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
5 दिन से बीसलपुर की बूंद-बूंद को तरसे गांव, महिलाओं को आधा किलोमीटर दूर कुओं से ढोना पड़ रहा पानी
By -
July 19, 2026
0
Tags: